RSS
 

श्री ज्ञान चालीसा

29 May

पानी पीवे छान कर, जीव जन्तु बच जाय !
जीव दया अति पुण्य हैं, रोग निकट नहि आय !!

झूठे पुरुषो से कभी, कोई न करता प्रीत!
सच्चे आदर पाते है, जग जस लेते जीत !!

चोर नित्य चोरी करे, रहे न कुछ भी पास !
वनों पहाड़ो भागते, दुःख पावे दिन रात !!

सेय पराई नार को, तन मन धन को खोत !
फिर भी सुख मिला नहीं, मेरे भयानक मौत !!

जोड़ जोड़ संचय करे, परिग्रह अपरम्पार !
कितने दिन है जीवना , क्यों नित ढोते भार!!

कुटुम्ब मोह का जाल है, कोई न जावे साथ!
भला बुरा जो कर गया, बनी रहेगी गाथ !!

बीड़ी मदिरा पीवना , नहीं भलो का काम !
भंग आदि की लत बुरी, क्यों होते बदनाम !!

रोगी तन को ठीक कर, ब्रह्मचर्य को पाल !
बिन पैसों की यह दवा , दूर भगावे काल !!

मरा कौन सब पूछते, पुंछ भुलाते  बात !
चाल चूक शतरंज की, हो जाती है मात !!

सुख दुःख नित ही देखते, क्यों न लगावे ध्यान !
चिन्ता को अब छोड़कर, धारो सम्यक ज्ञान !!

कितने दिन का जीवना, कितने दिन की चाह !
ज्ञानी लेखा सोचले, मौलिक जीवन चाह !!

ऊपर से धर्मी बने, भीतर शुद्ध न एक !
रात दिवस ठगते फिरत, किस विधि रहती टेक !!

कारज को करते चलो, तन मन बस में राख !
होगी निश्चय ही विजय, आफत आये लाख !!

पाप अनेको ही किये, मुक्ति किस विधि होय !
छुटेंगे जंजाल सब, पाप मैल सब धोय !!

झूठे स्वार्थ को छोडकर, सत को उर में धार !
इस भव में शोभा बढे , आगे बेडा पार !!

पहले निज हो शुद्ध कर, पीछे पर उपदेश !
जो कहते करते नहीं, वे पाते हैं क्लेश !!

भीतर देह घिनावनी, हैं रोगों का धाम !
जब तक परदा ठीक है, करले अपना काम !!

देख बुदापे की दशा, थर थर कापे गात !
बड़े बुरे दिन बीतते , कोई न पूछे बात !!

पता किसी को न पड़े, कब आयेगा काल !
क्यों माया में उलझता, हैं मकड़ी का जाल !!

क्यों आया क्या कर गया, ज्ञानी पूछे बात !
लेखा कैसे देयगा , क्या तो जाता साथ !!

पापी तू तिर जाएगा, निश्चय ही यह मान !
पीछे की मत याद कर, आतम को पहचान !!

आये वो सब जायेंगे जग की यह हैं रीत !
थोड़े स्वार्थ कारने, क्यों नित गाये गीत !!

चाहे कितना हो भला, सुख दुःख का नहीं मेल !
कब के दुःख कब आपडे , देख जगत का खेल !!

रोग न छोड़े किसी को, पापी हो या सन्त !
इससे बचने के लिए, पकड़ो आत्म पन्थ !!

घूम रहा संसार में, कर कर उल्टी बात !
अभ भी चेतन सोचले, तज पुदगल का साथ !!

धर्मशाला दिन तीन की, नए मुसाफिर आत !
तू कब तक रह पायेगा, सोच ज्ञान की बात !!

नाम जगत में करन को, रूपये खर्चे लाख !
सच्ची सेवा के बिना, जम न सकेगी साख !!

मुर्ख ! जवानी जोर में, किये पाप बहुघोर !
अब भी चेतन चेतजा , विषय धर्म के चोर !!

बीती ताहि विसार दे, आगे की सुध लेय !
प्याला विष का छोड़कर, आत्म अमृत गेह !!

जीना मरना एकसा , मनुष्य जन्म को पाय !
आकर कुछ भी न किया, झूठा रुदन मचाय !!

गन्धक में पारा मिला, तपे पृथक हो जाय !
इसी तरह ही आत्मा, तन जड़ से हट जाय!!

क्रोध, कसाई हैं बुरा, समझो इसको आप !
मिनटों में झट मारता, गिने न माँ अरु बाप !!

शास्त्र अनेको ही सुने, दिया न असली ध्यान !
पोथी पढ़ पढ़ रह गये , उर में हुवा न ज्ञान !!

न्यारे न्यारे पन्थ हैं, जिनकी करते बात !
सत कोई नहि खोलता, मारग कैसे पात !!

अहंकार के कारने, लड़ते दिन अरु रात !
घर को नरक बना दिया, फिर भी छुटी न बात !!

लक्ष्मी चंचल है अति, सदा न रहती साथ !
दान न कोडी कर सका, जाता खाली हाथ !!

सेवा जननी जनक को, तीरथघर माही !
क्यों जग में खोजत फिरो, कल्प तरु की छाये  !!

पुन्य चीज़ कुछ ओर हैं, धर्म चीज़ कुछ ओर !
पुन्य जगत का खेल हैं, धर्म मोक्ष की ठोर  !!

होनी है सो होयेगी , मन में धीरज धार !
झूठा शगुन विचारता, क्या पावेगा पार !!

इससे बचने के लिए, छोड़ो पर की आस !
आत्म बल सबसे बड़ा, सदा तुम्हारे पास !!

 

Tags:

Leave a Reply